बलरामपुर। शहर की ऐतिहासिक पहचान झारखंडी सरोवर अब आधुनिकता की राह पर है। शुक्रवार को आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह धीरू ने सरोवर सौंदर्यकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल्द ही यह स्थल लोगों के लिए आकर्षण और सुकून का केंद्र बन जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि सरोवर का सौंदर्यीकरण इस तरह किया जा रहा है कि यह एक स्मार्ट और पर्यावरणीय स्थल के रूप में विकसित हो सके। यहां वॉकिंग ट्रैक, आकर्षक लाइटिंग, बैठने की व्यवस्था और हरियाली को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह स्थान अब केवल एक तालाब नहीं, बल्कि परिवारों और युवाओं के लिए एक खूबसूरत गंतव्य बनेगा।
गुणवत्ता से नहीं होगा समझौता
निरीक्षण के दौरान पालिका अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता सर्वोपरि है। कार्य में देरी या लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। उन्होंने कहा कि हर काम तय समयसीमा में पूरा हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
शहरवासियों को मिलेगा सुकून भरा ठिकाना
पालिका अध्यक्ष ने कहा कि झारखंडी सरोवर सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि बलरामपुर की पहचान बनने जा रहा है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे इसे स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित रखने में प्रशासन का साथ दें।निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अधिकारी लाल चंद्र मौर्य, डी.पी. सिंह बैस, ठेकेदार आनंद प्रसाद सिंह गुड्डू, निशांत सिंह, अवनीश यादव (जेई सिविल), सोनू सिंह, भूपेंद्र सिंह, अरविंद सिंह, गौरव मिश्रा, संजय शुक्ल, शैलेन्द्र सिंह, शिवम मिश्र समेत अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे।