सद्भावना आवाज़
बलरामपुर।
जिले में आग का तांडव जारी है। एक के बाद एक हो रहे अग्निकांड से गरीबों के आशियाने जलकर खाक हो रहे हैं। ताजा मामला बलरामपुर तहसील के हरैया क्षेत्र के गिरगिटही गांव का है। यहां पर अज्ञात कारणों से लगी आग से 30 घर जलकर राख हो गए। घरों में रखा लाखों की संपत्ति खाक हो गई। इस अग्निकांड में एक मवेशी की भी झुलसकर मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हरैया थाना क्षेत्र के गिरगिटही गांव में गुरदास के झोपड़ी में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने धनीराम, जगमोहन, नानबाबू, नीबर, अर्जुन प्रसाद, लालजी, राम अधार, ननकने,कमला देवी रामगोपाल, तुलाराम, तिलकराम, परशुराम, आंधी, स्वामी दयाल, मंगल प्रसाद, बालकराम, रामादेवी, आशाराम, सुशीला देवी, अतवारी , घनश्याम समेत 30 फूस के घरों को अपने चपेट में ले लिया।
आग ने घर में रखे सारे सामान को खाक कर दिया
आग की चपेट में आने से राम अधार का एक बैल झुलसकर मर गया। इस भीषण अग्निकांड में घरों में रखा अनाज, जेवर, चारा मशीन, साइकिल तथा अन्य गृहस्थ सामग्री भी जल राख हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर फायर बिग्रेड की गाड़ियों ने पहुंचकर ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रशासन ने पीड़ितों को मुआवजा देने की बात कही
घटना की जानकारी मिलते ही उप जिलाधिकारी राजेंद्र बहादुर मौके पर पहुंचे। उन्होंने अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। उप जिलाधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि अग्निकांड में हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। जल्द ही पीड़ितों के भोजन की व्यवस्था करा दी गई है। बताया कि कोटेदार को निर्देश दिए गए हैं कि पीड़ितों को फोरन खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि अग्निकांड के पीड़ितों की मुआवजा देने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही सभी पीड़ितों को मुआवजा मिल जायेगा ।