कानपुर।
रावतपुर थारू बस्ती में धर्मांतरण के मामले में रावतपुर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। कुछ दिन पहले थारू बस्ती के एक युवक की किडनी बदलवाने और बीमार लोगों का इलाज व बेहतर जिंदगी व रुपए का झांसा देकर धर्मांतरण कराने का प्रयास किया गया था।
मामले का पुलिस कमिश्नर ने संज्ञान लेकर एफआईआर दर्ज कराई है। इसके साथ ही जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है।डीसीपी वेस्ट विजय ढुल ने बताया कि रावतपुर की थारू बस्ती में नीरज नाम के युवक की ज्यादा शराब पीने से किडनी और लीवर खराब हो गया था। एक व्यक्ति खुद को पंजाब से आने की बात कहकर बस्ती में पहुंचा। वहां के बीमार लोगों की जानकारी जुटाई और नीजर की किडनी व लीवर का इलाज कराने की बात कही थी।इसके साथ ही यह भी दावा किया था कि जरूरत पड़ी तो वह किडनी भी बदलवा देगा। यह भी कहा कि अगर आप लोग क्रिश्चयन धर्म मानते तो यह दिन नहीं देखना पड़ता। अगर आप लोग ईशा मसीह को मानें और पूजा करें तो अपके सभी दुख दिन दूर हो जाएंगे। इसके साथ ही बस्ती के लोगों को क्रिश्चयन धर्म अपनाने के लिए मोटीवेट किया।लगातार बस्ती में मूवमेंट करके लोगों को फोटो, वीडियो और स्पीच देकर क्रिश्चयन बनने के लिए मोटीवेट किया। नौकरी, घर, शादी समेत अन्य लालच देकर धर्म परिवर्तन कराना चाहते थे।
मामले का संज्ञान लेकर दरोगा विकास कुमार गुप्ता की तहरीर पर धर्मांतरण कराने की कोशिश करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम-2021 की धारा-3 व 5 (1) की धारा में एफआईआर दर्ज की है। उनकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।डीसीपी ने बताया कि धर्मांतरण के गिरोह के सिंडीकेट का खुलासा करने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है। जल्द ही धर्मांतरण कराने की कोशिश करने वालों की पहचान करने के साथ ही अरेस्ट करके जेल भेजा जाएगा। बस्ती के लोगों का बयान दर्ज करने के साथ ही जांच शुरू कर दी गई है।

