बहराइच।
बहराइच के 551 वर्ग किमी में फैले कतर्नियाघाट जंगल मे सैर करने गए पर्यटकों को अचानक बाघ दिख गया। बाघ को देखकर पहले तो पर्यटक सहम गए। जब बाघ ने उनकी तरफ कोई हरकत आने या डराने का नहीं किया। तो पर्यटक रोमांचित हो उठे। उसके बाद पर्यटकों ने अपने कैमरे में वीडियो व तस्वीरें कैद की।
कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब के सदस्य अमन लखमानी और अंकुर राव अपने मित्र अभिषेक और नवीन के साथ कतर्नियाघाट भ्रमण पर गए थे। रात्रि विश्राम करने के बाद सब शनिवार को जंगल सफारी पर निकले। रास्ते में उन्हें अनेक स्थानों पर चीतल के झुंड, जंगली सुवर, मोर, जंगली मुर्गा इत्यादि दिखाई पड़े। जैसे ही उनकी सफारी महादेवा ताल की ओर बढ़ने लगी। तभी उन्हें एक बड़ा नर बाघ दिखाई पड़ा। बाघ को देख सभी रोमांचित हो उठे। इस बीच अमन और अंकुर ने बाघ के चित्रों को अपने कैमरे में कैद किया।
कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब के अध्यक्ष भगवान दास लखमानी ने बताया कि डीएफओ कतर्नियाघाट की मेहनत से वन क्षेत्र में मानवीय दखल अंदाजी में कमी आई है। कतर्नियाघाट फ्रेंड्स क्लब के जागरूकता कार्यक्रमों से जंगल के आसपास रहने वाले ग्रामीणों में वन एवं वन्य जीवों के संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ रही है। फलस्वरूप कतर्नियाघाट में बाघों की संख्या में इजाफ़ा हो रहा है।