गोण्डा। कलेक्ट्रेट सभागार, गोण्डा में आज मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अंकिता जैन की अध्यक्षता में बेसिक शिक्षा विभाग से संबंधित जिला अनुश्रवण समिति और कार्यक्रम विभाग से संबंधित जिला पोषण समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न शैक्षिक और पोषण संबंधी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार सभी योजनाओं और परियोजनाओं में शतप्रतिशत कार्य पूर्ण होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करें और योजनाओं की प्रगति संबंधी सूचनाएं निर्धारित समय-सीमा में संबंधित पोर्टल पर अपलोड करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में नामांकन, छात्र उपस्थिति, डीबीटी, मध्यान्ह भोजन, शिक्षण गुणवत्ता, आधारभूत सुविधाएं और अन्य शैक्षिक योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। सीडीओ ने निर्देश दिया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाए और सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिया जाए ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रहे।
जिला पोषण समिति की बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण ट्रैकर, टेक-होम राशन वितरण, कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों की पहचान और उपचार, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की गई। अंकिता जैन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण किया जाए और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएँ। साथ ही डेटा की शुद्धता और अद्यतन स्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
बैठक में सभी अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और मुख्य विकास अधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने का आश्वासन दिया। बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार उपाध्याय, समस्त खंड शिक्षा अधिकारी, परियोजना अधिकारी बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग और अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

