बलरामपुर। नगर पंचायत गैसड़ी के छह वार्डों में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत करीब 2.26 करोड़ रुपये की धनराशि से सड़क और नाली निर्माण के काम को हरी झंडी दे दी गई है। लंबे समय से जर्जर सड़कों और जलभराव की समस्या से जूझ रहे वार्डवासियों को इस विकास कार्य से राहत मिलने की उम्मीद है।सूत्रों के अनुसार, वार्ड संख्या 6 साथी नारायणपुर में रसीद के घारी से चिनकान के घर तक 26.90 लाख रुपये की लागत से सीसी मार्ग और नाली का निर्माण होगा। इसी वार्ड में चिनमुन के खेत के पास से रसीद के घारी तक 50.23 लाख रुपये से सड़क बनाई जाएगी।
2.26 करोड़ की परियोजना से सुधार होगा
वार्ड संख्या 3 महुआ में नहर के पास पुल से कुतुबुल्ला के मकान होते हुए जुम्मन व हरिराम के घर तक 50.82 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क और नाली निर्माण प्रस्तावित है। वहीं, महुआ डीह में अन्नू वर्मा के घर के पास से मंशाराम के घारी होते हुए श्मशान घाट तक 41.31 लाख रुपये से सड़क और नाली का निर्माण होगा।वार्ड संख्या 12 में गूठे नाऊ से सरस्वती स्कूल के पीछे तक 11.11 लाख रुपये की लागत से सड़क बनाई जाएगी, जबकि वार्ड संख्या 15 बिस्कोहर में मेन सड़क से पुलिया तक 45.51 लाख रुपये से सड़क निर्माण कार्य कराया जाएगा।अधिशासी अधिकारी अवनीश सिंह ने बताया कि स्वीकृत सभी कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुसार और समयबद्ध तरीके से पूरे कराए जाएंगे।
बारिश में होने वाले नुकसान से मिलेगी राहत
उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल जर्जर रास्तों की समस्या का समाधान होगा बल्कि जलभराव की वजह से किसानों और ग्रामीणों को हो रहे नुकसान से भी राहत मिलेगी।स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से नाले और सड़कों की स्थिति बहुत खराब थी। बारिश के दौरान जलभराव और खेतों में फसल खराब होने का डर रहता था। विकास कार्य शुरू होने से अब उन्हें उम्मीद है कि उनके वार्डों की हालत सुधरेगी और जीवन आसान होगा।नगर पंचायत अधिकारी ने यह भी बताया कि निर्माण कार्य की मॉनिटरिंग लगातार की जाएगी ताकि समय पर और गुणवत्ता के साथ काम पूरा हो सके।
