सद्भावना आवाज़
बलरामपुर
बलरामपुर में नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरु ने नगर के पुरैनिया तालाब स्थित तिकोना पार्क का निरीक्षण किया। चेयरमैन ने तिकोना पार्क को डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित करने का फैसला किया है।नगर पालिका चेयरमैन डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरु ने पालिका कर्मचारियों, सभासदों के साथ तिकोना पार्क का दौरा कर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्क की स्थिति बदतर मिली और डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति की दशा भी अच्छी नहीं मिली। चेयरमैन ने पार्क की स्थित और डॉ. अंबेडकर की मूर्ति की देखरेख न होने पर नाराजगी जताते हुए तत्काल पार्क के सुंदरीकरण कराने के निर्देश दिए।
प्रेरणा प्रदान करने के उद्देश्य
डॉ. धीरेंद्र सिंह ने बताया की तिकोना पार्क में डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुरानी और छोटी मूर्ति के स्थान पर एक बड़ी मूर्ति लगवाई जाएगी और इसे अंबेडकर प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि तिकोना पार्क को बोर्ड बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रेरणा स्थल बनाने का फैसला लिया गया था। उस फैसले को निरस्त करते हुए डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल बनाने का फैसला लिया गया है, जबकि पंडित दीन दयाल और डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी प्रेरणा स्थल दूसरी जगह बनवाकर इन दोनों महापुरुषों की भव्य प्रतिमा नगर वासियों को प्रेरणा प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित की जाएगी।डॉ. भीमराव अंबेडकर जी, श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी व दीन दयाल उपाध्यय समेत सभी महापुरुष समाज के लिए वंदनीय और प्रेरणादायी हैं। हमारे नगरपालिका वासी इन सभी महापुरुषों से प्रेरणा प्राप्त करते रहें। उन्होंने कहा की आगामी 15 अगस्त को डॉ. अंबेडकर प्रेरणा स्थल पर विशाल तिरंगा झंडा भी लगाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह के साथ बीजेपी मीडिया प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह डीपी, गौरव कुमार, रवि गुप्ता, वरुण सिंह मोनू आदि मौजूद थे।