अयोध्या। बुधवार शाम करीब चार बजे कुमारगंज थाना क्षेत्र के सराय हेमराज गांव स्थित डबल नहर पुल के पास विश्राम यादव पुत्र श्रीराम के छप्पर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग की लपटें उठती देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि छप्पर के भीतर बंधी दो भैंस और एक पड़वा मामूली रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही कुमारगंज थाना अध्यक्ष ओम प्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

