कानपुर।
एक युवक का शव देहात के थाना सट्टी में बंबा की पुलिया पर पड़ा मिलने से हड़कंप मच गया। युवक का शव पड़े होने जानकारी होते ही मौके पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा काटा और युवक के ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी।
थाना सट्टी के बीरबल का पुरवा निवासी छोटेलाल उर्फ होरीलाल का शव शनिवार को बंबा की पुलिया (नहर किनारे) पड़ा हुआ मिला। जिसकी जानकारी छोटेलाल उर्फ होरीलाल के भाई संतराम ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान संतराम ने पुलिस को बताया कि भैया और भाभी के बीच मनमुटाव चल रहा था। जिसके चलते भाभी अपने पिता के घर चली गई थी। शुक्रवार को भैया और भाभी के बीच बातचीत करवाने की बात कहते हुए भाभी के कुछ रिश्तेदार भैया को लेकर चले गए थे। जिसके बाद से वह घर नहीं लौटे थे।
संतराम ने कहा कि उनके भाई छोटेलाल उर्फ होरीलाल की हत्या उनके ससुराल वालों ने की है और भैया के शव को नहर किनारे फेंक दिया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।थाना प्रभारी सट्टी ने बताया कि मृतक के शव का पंचायत नामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

