बलरामपुर। नव वर्ष के स्वागत को लेकर शहर में तैयारियां जोरों पर हैं। पूरे शहर में उत्सव का माहौल नजर आ रहा है। बाजार सजे हुए हैं, फूलों की दुकानों पर रंग-बिरंगी रौनक है और उपहारों की खरीदारी पूरे शबाब पर है। लोग अपने-अपने अंदाज में नए साल को खास और यादगार बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं। बाजारों से लेकर सोशल मीडिया तक हर ओर जश्न का उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।
नव वर्ष की शुभकामनाओं के लिए फूलों की मांग में अचानक तेजी आ गई है। गोंडा मार्ग समेत शहर के प्रमुख इलाकों में फूलों की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। लाल गुलाब, मिक्स फ्लावर बुके और आकर्षक गुलदस्तों की खूब खरीदारी हो रही है। फूल विक्रेता महबूब ने बताया कि नए साल की खरीदारी एक दिन पहले ही शुरू हो गई थी और 1 जनवरी को बिक्री और बढ़ने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने बताया कि 100 रुपये से लेकर 800 रुपये तक के गुलदस्ते उपलब्ध हैं, जिनकी मांग लगातार बनी हुई है।
नए साल को यादगार बनाने के लिए उपहार की दुकानों पर भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रीटिंग कार्ड, शोपीस, खिलौने, घड़ियां, ब्रेसलेट, कपल स्टैच्यू और सजावटी आइटम्स की बिक्री बढ़ गई है। दुकानदारों के अनुसार, खासकर युवा वर्ग नए और आकर्षक गिफ्ट की तलाश में दुकानों पर पहुंच रहा है। ग्रीटिंग कार्ड 30 रुपये से लेकर 400 रुपये तक की कीमत में उपलब्ध हैं, वहीं अन्य उपहारों की भी विभिन्न रेंज मौजूद है।
इधर, नव वर्ष की अग्रिम शुभकामनाओं का दौर सोशल मीडिया पर भी जोरों पर है। फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) जैसे प्लेटफॉर्म पर लोग एक-दूसरे को नए साल की बधाइयां भेज रहे हैं। साथ ही बीते साल की यादें तस्वीरों, वीडियो और स्टेटस के जरिए साझा की जा रही हैं।
वहीं, नव वर्ष का जश्न शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। शराब पीकर हंगामा करने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। पुलिस और खुफिया टीमें सादी वर्दी में बाजारों, पार्कों, चौराहों, होटलों, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन समेत सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहेंगी।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि किसी भी तरह की अराजकता या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे नव वर्ष का स्वागत शांति, सौहार्द और जिम्मेदारी के साथ करें।

