अम्बेडकरनगर
गर्मी के मौसम में सुचारू रूप से विद्युत व्यवस्था मिल सके। इसके लिए जहांगीरगंज और राजेसुल्तानपुर नगर पंचायत क्षेत्र के साथ ही आलापुर तहसील क्षेत्र में जर्जर हो चुके बिजली के तार बदले जाएंगे। इसके साथ कुछ जगहों पर नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। इसके लिए शासन से 3 करोड़ तीस लाख रुपया स्वीकृत किया गया है।जहांगीरगंज और राजेसुल्तानपुर नगर पंचायत क्षेत्र में विद्युत बदहाली को दूर करने के लिए कुल 3 करोड़ 30 लाख रुपए स्वीकृत किया गया है, जिसमें विद्युत तार बदलने के साथ-साथ नए ट्रांसफार्मर भी लगाए जाएंगे। जहांगीरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में 185.25 लाख रुपए से 17 वार्डों में 12 किलोमीटर की नई विद्युत लाइन बनाने के साथ-साथ पुराने बिजली के तार बदले जाएंगे।इसके अलावा नेवारी दुराजपुर समेत अन्य वार्डों में केबिल की व्यवस्था के साथ-साथ अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएंगी। नवसृजित नगर पंचायत क्षेत्र राजेसुल्तानपुर में 154.56 लाख रुपए से विद्युत व्यवस्था की बदहाली को दूर कराने के लिए जर्जर विद्युत तार बदलने के साथ-साथ नए ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी मुकम्मल कराई जाएंगी।जहांगीरगंज और राजेसुल्तानपुर नगर पंचायत क्षेत्र के साथ-साथ आलापुर तहसील क्षेत्र में विद्युत बदहाली एवं लो वोल्टेज की समस्या के मुद्दे को सपा विधायक त्रिभुवन दत्त ने विधान सभा में नियम 51 के तहत उठाया था। इसके बाद विधायक ने ऊर्जा मंत्री से मुलाकात कर विद्युत व्यवस्था में सुधार कराए जाने की मांग की थी, जिसके बाद शासन ने विद्युत व्यवस्था में सुधार के लिए कदम उठाया है।सपा विधायक त्रिभुवन दत्त ने बताया कि आलापुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति प्रदान कराने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। शासन से 3.30 करोड़ रुपए स्वीकृत होने से विद्युत बदहाली की समस्या से लोगों को निजात मिल जाएगी। अधिशासी अभियंता आलापुर एचपी मिश्रा ने बताया कि जहांगीरगंज और राजेसुल्तानपुर नगर पंचायत क्षेत्र में जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को बेहतर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जा सके।