धीरेंद्र प्रताप सिंह।
बरेली।
मुख्यमंत्री के नारी सशक्तिकरण के संकल्प एवं उत्तर प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण नीति को धरातल पर उतारते हुए एक अभिनव पहल करते हुये जनपद बरेली में पहली बार महिला स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) का गठन किया गया है, जो अपराधियों के खिलाफ ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत कार्यवाही करेगा। यह टीम न केवल अपराध नियंत्रण में प्रभावी हथियार साबित होगी, बल्कि महिला शक्ति का प्रतीक भी बनेगी।
एसएसपी बरेली अनुराग आर्य के निर्देशन में गठित इस टीम में पांच चयनित महिला पुलिस कर्मियों को पुलिस लाइंस में विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह टीम आधुनिक हथियारों, मार्शल आर्ट, आत्मरक्षा, साइबर क्राइम विश्लेषण और नारकोटिक्स से संबंधित अपराधों की पहचान व कार्रवाई में दक्ष बनाई जा रही है।
महिला एसओजी के लिए 25 महिला कांस्टेबलों ने आवेदन किया था, जिनमें से दक्षता के आधार पर पांच बहादुर महिला पुलिस कर्मियों का चयन किया गया। इसके अतिरिक्त, महिला उपनिरीक्षकों से प्राप्त पांच आवेदनों के आधार पर टीम का नेतृत्व सुनिश्चित किया गया है। यह टीम हाईटेक हथियारों के संचालन, मार्शल आर्ट, खुफिया सूचना संग्रह, सीडीआर विश्लेषण और अभियुक्तों की गिरफ्तारी जैसे कार्यों में प्रशिक्षित की जा रही है।
गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी जैसे अपराधों में महिलाओं की संलिप्तता को दृष्टिगत रखते हुए इस टीम का गठन किया गया है। यह टीम महिला अपराधियों के साथ साथ मिशन शक्ति के अंतगर्त प्राथमिकताओं पर कार्य करेगी और नारकोटिक्स व अन्य संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्यवाही करेगी।
“यह टीम जिला पुलिस में नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे अपराध नियंत्रण में सकारात्मक सुधार होगा”- अनुराग आर्य (एसएसपी बरेली)