बलरामपुर। जनपद बलरामपुर की होनहार छात्रा शुभी सिंह ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत के आगे कोई भी मुश्किल टिक नहीं सकती। शुभी सिंह का चयन भारत सरकार की प्रतिष्ठित इंस्पायर फेलोशिप योजना के अंतर्गत देश के दो प्रमुख शोध संस्थानों सीएसआईआर-नेशनल बॉटनिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (एनबीआरआई), लखनऊ और सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिसिनल एंड एरोमैटिक प्लांट्स (सीआईएमएपी) में पीएचडी शोध के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से उनके परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
शुभी सिंह, स्वर्गीय एस. के. सिंह (पूर्व निरीक्षक, पुलिस कार्यालय बलरामपुर) की पुत्री हैं। उनके पिता का कुछ वर्ष पूर्व सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। ऐसे कठिन समय में भी शुभी ने हिम्मत नहीं हारी और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ती रहीं। उनकी माता सुनीता सिंह ने भी हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया।
शुभी ने अपनी स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई एम. एल. के. पी. जी. कॉलेज, बलरामपुर से पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही उनका रुझान विज्ञान और शोध की ओर रहा। लगातार मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का ही नतीजा है कि उन्हें इंस्पायर फेलोशिप जैसी प्रतिष्ठित योजना में चयन मिला, जिसके तहत देश के शीर्ष अनुसंधान संस्थानों में शोध का अवसर प्राप्त होता है।
अपनी सफलता पर शुभी सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि वह अपने स्वर्गीय पिता के सपनों, माता सुनीता सिंह के संघर्ष, भाई शुभम सिंह के सहयोग और अपने कॉलेज के गुरुओं के मार्गदर्शन को समर्पित करती हैं। उन्होंने कहा कि परिवार और शिक्षकों के सहयोग के बिना यह संभव नहीं हो पाता।
शुभी सिंह की इस सफलता पर एम. एल. के. पी. जी. कॉलेज के शिक्षकों, मित्रों, रिश्तेदारों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शुभी की इस उपलब्धि से क्षेत्र की अन्य छात्राओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

