सद्भावना आवाज़
बलरामपुर
जिले में सोहेलवा वन जीव क्षेत्र के जनकपुर रेंज में एक तेंदुए का शव मिला है। जरवा इलाके के कवही नाले के पास तेंदुए का शव मिला है। वन विभाग के आलाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि गांव के कुछ लोग पहाड़ी नाला कावही के पास मवेशी चराने गए थे तभी कुछ लोगों ने तेंदुए के शव को पड़ा देखा। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने वन विभाग को दी।
शव करीब दस दिन पुराना
वन विभाग के क्षेत्रीय वनाधिकारी माधव बाक्स सिंह सिंह रेंजर कोटेश त्यागी सहित तमाम वन कर्मी मौके पर पहुंच गए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डीएफओ डा सेम मारन एम ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया की मृतक तेंदुए का शव करीब दस दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।शव पर किसी तरह के कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में मृत्यु का कारण बीमारी लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा। उन्होंने बताया की मृतक तेंदुए की आयु करीब 8 वर्ष के आस पास है।
29 मार्च को भी मिला था शव
विदित रहे की अभी पिछले 29 मार्च को बनकटवा रेंज में पहाड़ी नाले के किनारे भी एक नर तेंदुए का शव मिला था जिसकी मृत्यु बीमारी के कारण मौत होने की बात कही गई थी। तेंदुए के एक के बाद एक शव मिलने से वन विभाग की परेशानी बढ़ गई है।