बलरामपुर। उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय के तत्वावधान में आयोजित ओपन स्टेट सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन गुरुवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम, बलरामपुर में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आदर्श नगर पालिका परिषद के चेयरमैन डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ रहे, जिन्होंने फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं केवल खेल प्रतिभाओं को मंच नहीं देतीं, बल्कि महिलाओं के आत्मविश्वास और सशक्तिकरण को भी नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेल के माध्यम से अपना और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। डॉ. धीरेंद्र सिंह ने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए आयोजकों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही मैदान में खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक रहा। विभिन्न जनपदों से आई टीमों ने अपने कौशल और तैयारी का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे दर्शक भी रोमांचित हो उठे। इस दौरान प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी कमाल अहमद, उप क्रीड़ा अधिकारी प्रवेश कुमार रावत, मो. हसन कुरैशी (सचिव, बलरामपुर फुटबॉल), नागेंद्र गिरी, हिना खातून, अभय सिंह, अतीकुर रहमान (गुड्डू) समेत स्टेडियम के अन्य कर्मचारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

