बहराइच। प्रदेश बदहाल है,जनता बेहाल है और सरकार आत्ममुग्धता में अपनी पीठ थपथपा रही है। आंकड़ों की बाजीगरी कर मुख्यमंत्री सच को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन प्रदेश में व्याप्त कुशासन और जंगलराज हर झूठ को बेनकाब कर रहा है। हम जनता के 8 सवाल मुख्यमंत्री से पूछते हैं। यह बातें नवनियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने कैम्प कार्यालय पर प्रेस वार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकार में है। भाजपा सरकार में किसान मजदूर बदहाल है। उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार युक्त है।उत्तर प्रदेश में सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का राज्य प्रायोजित अभियान चल रहा है। उत्तर प्रदेश अपराध प्रदेश में तब्दील हो चुका है। सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार संविधान और आरक्षण विरोधी क्यों है। कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था बदहाल है।
शिवेन्द्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश बदहाली और जंगलराज से गुजर रहा है। मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो चुके हैं।
जिले में हो रहे उनके विरोध के सवाल पर उन्होंने कहा कि विरोध कर रहे लोग मेरे परिवार के सदस्य हैं आज विरोध कर रहे हैं कल हमारे साथ होंगे। मैं सभी से व्यक्तिगत मिल रहा हूँ जल्दी ही उनको मना लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के भीतर टोल टैक्स बड़ी समस्या है। 35-40 किलोमीटर पर टोल प्लाजा बना दिये गए हैं जिससे शहरवासियों को शहर की सीमा में ही टोल टैक्स देना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना को धरातल पर उतरने में काफी समय लग रहा है। भाजपा सरकार मुद्दों के विपरीत दरगाह और मन्दिर पर ही सिर्फ बात कर रही है। शिवेन्द्र ने कहा कि 2027 में बदलाव होगा बहराइच में कांग्रेस अच्छा प्रदर्शन करेगी। इस दौरान रवि श्रीवास्तव,मुस्तकीम सलमानी,विनय सिंह सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
