गोंडा।
एक छह साल की मासूम पर धारदार हथियार से हमलाकर घायल कर दिया। घायल बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत में लखनऊ ले जाया जा रहा था। रास्ते में बालिका की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं ऐहतियातन गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
इटियाथोक थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुल्हापुर पहाड़ी मफिया निवासी मंसूर अली काम के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं। गांव में उसकी पत्नी निशा अपने दो बेटों व दो बेटियों के साथ रहती है। निशा के मुताबिक मंगलवार को उसकी छह साल की बेटी नजीबुन बच्चों के साथ शौच के लिए जा रही थी। इसी दौरान पड़ोसी गांव के रहने वाले नीरज अवस्थी ने नजीबुन पर धारदार हथियार से हमलाकर कर दिया। बच्चों ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी भाग गया।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले हुई इस सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमे मे हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को एक रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया। मृतका के मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।