गोण्डा। जनपद गोण्डा के जिला महिला चिकित्सालय में आज “विटामिन ए संपूर्ण” कार्यक्रम के द्वितीय चरण का भव्य शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अंकिता जैन ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित अधिकारियों, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को कार्यक्रम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी और बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए इस अभियान की अहमियत पर जोर दिया।
मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन ने कहा कि विटामिन ए बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक पोषक तत्व है। इसकी कमी से बच्चों में आंखों से संबंधित रोग, रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समन्वय के साथ संचालित किया जाए ताकि कोई भी बच्चा लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के आंकड़ों के अनुसार, जनपद में कुल लक्षित जनसंख्या 40,69,122 है, जिनमें 9 माह से 5 वर्ष तक के 4,75,931 बच्चे शामिल हैं। प्रतिदिन कार्य करने वाली टीमों की संख्या 529 है और कुल 304 सुपरवाइजर इस अभियान की निगरानी करेंगे। कार्यक्रम 9 दिनों तक चलेगा और प्रत्येक बुधवार व शनिवार नियमित टीकाकरण के साथ अन्य विभागों जैसे स्वास्थ्य, बाल विकास और शिक्षा के सहयोग से संपन्न होगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संत लाल पटेल ने बताया कि इस द्वितीय चरण के अंतर्गत सभी बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य चयनित स्थलों पर टीमें तैनात की गई हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के आपसी समन्वय से कार्यक्रम को सफल बनाया जाएगा।

कार्यक्रम में समस्त अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ), महिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस), चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने का पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान जागरूकता संदेश भी दिए और अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथियों पर विटामिन ए की खुराक अवश्य दिलवाएं और किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचें। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

