बहराइच।
जनपद के बबुरी गांव निवासी युवक की शनिवार को कुल्हाड़ी से काटकर कुछ लोगों ने हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने गांव पहुंचकर शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की जांच में प्रथम दृष्टया रंजिश में हत्या की बात सामने आ रही है।
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पंचायत मंझारा तौकली के मजरा बबुरी निवासी सुनील कुमार यादव (25) पुत्र फौजदार यादव का गांव के कुछ लोग से रंजिश चल रही है। बताया जाता है कि शनिवार सुबह रंजिश के चलते दोनों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान ही दबंगों ने युवक पर ताबड़तोड़ कुल्हाड़ी से वार कर दिया। मौके पर ही युवक की मौत हो गई। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
परिवार के लोग रोने बिलखने लगे। सूचना पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल ने बताया कि रंजिश में युवक की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फरार हो गए हैं। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जायेगा।