लखनऊ।
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम के अनुसार होली के त्योहार के मौके पर उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग लगभग 2065 नई बसें चलाएगा जिससे यात्रियों को आने जाने में असुविधा का सामना न करना पड़े। परिवहन विभाग के अनुसार होली के 4 दिन पहले से इन बसों का संचालन होगा और होली के 4 दिन बाद तक भी सुचारु रुप से चलेगा जिससे कि त्योहारों में होने वाली भीड़ के कारण असुविधा का सामना करने वाले यात्रियों को कुछ राहत दी जा सके।
इनका संचालन 3 मार्च से शुरू होगा। उसके अलावा 12 मार्च तक इसका संचालन होता रहेगा। यूपी में प्रतिदिन 17 लाख लोग बसों में सफर करते हैं। ऐसे में उनको इसका सीधा फायदा होगा। सात और आठ मार्च को पड़ने वाली होली को लेकर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने परिवहन निगम के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है।
मंत्री दयाशंकर सिंह ने बताया परिवहन निगम द्वारा सभी 20 क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गयी है। लखनऊ में 60, प्रयागराज क्षेत्र में 140, कानपुर में 60, इटावा में 200, मुरादाबाद में 150, बरेली में 50, गाजियाबाद में 250, देवीपाटन में 40, आजमगढ़ में 50, मेरठ में 140, अयोध्या में 60, वाराणसी में 40, गोरखपुर में 300, अलीगढ़ में 65, नोएडा में 150, झांसी में 40, आगरा में 100, हरदोई में 60, चित्रकूट में 60 और सहारनपुर में 50 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। अच्छा काम करने वाले ड्राइवर और कंडक्टर को परिवहन विभाग ने सम्मानित किया है। उनके पारिश्रमिक दरों में वृद्धि की गई है। पारिश्रमिक दरों में लगभग 1000 रुपए की बढ़ोतरी गई है।