गोण्डा। उत्तर प्रदेश सरकार के “नव निर्माण के नौ वर्ष” पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को वेंकटाचार्य क्लब में जिला प्रशासन के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम मिश्रा ने की।
कार्यक्रम के दौरान लोक भवन से आयोजित “नवनिर्माण के 9 वर्ष” पुस्तक के विमोचन का सजीव प्रसारण राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) सभागार में देखा गया। इस दौरान अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने सरकार की उपलब्धियों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद ग्राम्य विकास थीम पर आधारित विकास मेले का उद्घाटन किया गया। अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है तथा स्वास्थ्य सेवाओं, सड़क व एक्सप्रेसवे निर्माण और विद्युत आपूर्ति में व्यापक सुधार हुआ है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक रूप से पहुंच रहा है। महिला सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए स्वयं सहायता समूह, सुरक्षा एवं रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र को दोहराते हुए प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और सुशासन के जरिए प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
अंत में अधिकारियों ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को सुना। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

