बहराइच ।
बहराइच में नानपारा रेंज के भंडारी पुरवा गांव में एक किसान सरसों की फसल काट रहा था। साथ में सात वर्षीय बेटी भी थी। फसल कटाई के दौरान जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने बालिका पर हमला बोल दिया। बालिका को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बहराइच वन प्रभाग के नानपारा रेंज अंतर्गत ग्राम भंडारी पुरवा निवासी पराग यादव का खेत जंगल से सटा हुआ है। खेत में इस समय सरसों की फसल तैयार लगी है। जिस पर पराग सरसों की फसल काट रहा था। साथ में बेटी रेनू यादव (7) के साथ पत्नी भी थी। पति और पत्नी सरसों की फसल काट रहे थे। तभी जंगल से निकल कर आए तेंदुए ने बालिका को दबोच लिया।
माता और पिता ने शोर मचाते हुए हांका लगाया। इस पर तेंदुआ बालिका को छोड़ कर जंगल की ओर भाग गया। तेंदुए ने बालिका के गले पर हमला किया है। उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाकर भर्ती कराया गया है।
बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उधर, तेंदुए के हमले की जानकारी होने पर वन रक्षक रामानंद मिश्रा भी गांव पहुंचे। उन्होंने मौके का मुआयना कर तेंदुए के हमले की पुष्टि की है।