बहराइच।
यात्रियों को ले जा रही प्राइवेट बस जोलाहन पुरवा गांव के पास अनियंत्रित होकर खड्डे में पलट गई। बस में सवार 12 से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को साथनीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के झिंगहाघाट प्राइवेट बस स्टैंड से बस संख्या (यूपी 12 एटी 7472) यात्रियों को लेकर इमामगंज के लिए रवाना हुई। बस में लगभग 70 यात्री सवार थे। कुछ यात्री भीड़ अधिक होने से खड़े थे। बस कोतवाली नानपारा के जोलाहन पुरवा गांव बस पहुंची। तभी चालक नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस खड्ड में जा गिरी। बस खड्ड में गिरते ही अफरा तफरी मच गई। लोग बचाव के आवाज लगाने लगे।
हादसे की जानकारी होते ही गांव के लोग पहुंचे। गांव के लोगों ने बस के अंदर से घायलों को बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी को सीएचसी और निजी चिकित्सकों के यहां भर्ती कराया। बस में बालक समेत 14 यात्री घायल हुए हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक हेमंत कुमार गौड़, उप निरीक्षक मंतराम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने यात्रियों से पूछताछ की। इसके बाद घायलों को अस्पताल लेकर चली गई। वहीं बस के नीचे दबकर एक बकरी की भी मौत हो गई। जिसका पोस्टमार्टम पशु चिकित्सक द्वारा किया गया।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि जैसे ही बस खड्ड में पलटी। वैसे ही बस से कूदकर चालक और परिचालक फरार हो गए। किसी भी यात्री का किराया भी वापस नहीं किया।
