बलरामपुर। उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में निवेश बढ़ाते हुए देवीपाटन मंडल के प्रमुख शैक्षणिक संस्थान मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय, बलरामपुर को 50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बजटीय सहायता देने की घोषणा की है। राज्य सरकार के 10वें चुनावी बजट में किए गए इस प्रावधान को क्षेत्रीय शिक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है। इससे विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य को गति मिलने के साथ-साथ शैक्षणिक और तकनीकी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ होगा।बलरामपुर जिला मुख्यालय के सदर ब्लॉक अंतर्गत कोयलरा गांव में लगभग 52 एकड़ भूमि पर विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहे इस प्रोजेक्ट का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परिसर में प्रशासनिक भवन, एकेडमिक ब्लॉक, परीक्षा भवन और अन्य आवश्यक संरचनाएं लगभग तैयार हैं, जबकि शेष कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने में यह नई धनराशि सहायक सिद्ध होगी।विश्वविद्यालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आगामी चैत्र नवरात्र के अवसर पर मुख्य प्रशासनिक भवन के लोकार्पण की संभावना जताई जा रही है। यदि ऐसा होता है, तो यह विश्वविद्यालय के औपचारिक और पूर्ण संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
182 कॉलेज, करीब 70 हजार छात्र विश्वविद्यालय से संबद्ध
मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय से वर्तमान में देवीपाटन मंडल के 182 महाविद्यालय संबद्ध हैं। इन महाविद्यालयों में लगभग 69,845 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विश्वविद्यालय का शैक्षिक सत्र 2025-26 सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। नए बजट प्रावधान से संबद्ध कॉलेजों को भी अकादमिक और प्रशासनिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

डिजिटल शिक्षा और शोध को मिलेगा बढ़ावा
बजटीय सहायता से विश्वविद्यालय में आधुनिक अधोसंरचना विकसित करने की योजना है। इसमें डिजिटल लाइब्रेरी, स्मार्ट क्लासरूम, आईटी आधारित प्रशासनिक प्रणाली और शोध एवं नवाचार केंद्रों की स्थापना शामिल है। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इससे छात्रों को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी और उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
कुलपति ने जताया आभार
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने बजट आवंटन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि 50 करोड़ रुपये की यह राशि विश्वविद्यालय के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि इससे आधुनिक आधारभूत सुविधाओं का विकास, शोध गतिविधियों को प्रोत्साहन और डिजिटल संसाधनों का विस्तार संभव होगा। साथ ही उन्होंने माननीय मुख्यमंत्री और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।विशेषज्ञों के अनुसार, मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में बलरामपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देवीपाटन मंडल के सामाजिक और आर्थिक विकास में अहम भूमिका निभाएगा। उच्च शिक्षा के साथ-साथ रोजगार, शोध और कौशल विकास के नए अवसर सृजित होंगे।
