बलरामपुर। सीमावर्ती जिला बलरामपुर अब अपनी समृद्ध थारू संस्कृति के कारण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहा है। पचपेड़वा क्षेत्र के इमिलिया कोडर में स्थापित थारू जनजाति संग्रहालय पर्यटकों, विद्यार्थियों और शोधार्थियों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां थारू जनजाति की पारंपरिक जीवनशैली, लोककला, सामाजिक संरचना और सांस्कृतिक विरासत को बेहद जीवंत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।संस्कृति विभाग की ओर से करीब 8.79 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए इस संग्रहालय ने जिले के पर्यटन विकास को नई दिशा दी है। आधुनिक तकनीक और विशेष प्रदर्शनी व्यवस्था के माध्यम से यहां आने वाले लोगों को थारू समुदाय की परंपराओं से भावनात्मक रूप से जोड़ने का प्रयास किया गया है।महाराणा प्रताप ग्रामोदय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य आशुतोष के अनुसार संग्रहालय में थारू समुदाय की पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, लोकनृत्य, हस्तशिल्प, खान-पान और दैनिक जीवन से जुड़ी वस्तुओं को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। इससे आगंतुकों को जनजातीय संस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिल रहा है।
देश-विदेश से पहुंच रहे पर्यटक
संग्रहालय में देश के अलग-अलग राज्यों से पर्यटक पहुंच रहे हैं। वहीं विदेशी पर्यटक भी इस अनूठी जनजातीय विरासत को देखने के लिए बलरामपुर आ रहे हैं। विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों से जुड़े विद्यार्थी एवं शोधार्थी इसे जनजातीय अध्ययन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देख रहे हैं।विशेषज्ञों का मानना है कि यह संग्रहालय युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और लोक परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।संग्रहालय के विकसित होने से थारू समुदाय से जुड़े हस्तशिल्प, पारंपरिक सजावटी वस्तुओं और लोक कलाओं को नई पहचान मिलने लगी है। बाहर से आने वाले पर्यटक स्थानीय उत्पादों में रुचि दिखा रहे हैं, जिससे कारीगरों और ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ने की उम्मीद मजबूत हुई है।ग्रामीण क्षेत्रों में छोटे स्तर पर रोजगार और व्यापार के अवसर भी तेजी से विकसित हो रहे हैं। प्रशासन पर्यटन को स्थानीय रोजगार से जोड़ने की दिशा में रोडमैप तैयार कर रहा है।
सेल्फी प्वाइंट और पारंपरिक झोपड़ियां बनीं आकर्षण
संग्रहालय परिसर में बनाई गई थारू शैली की झोपड़ियां, पारंपरिक संरचनाएं और सांस्कृतिक सजावट पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रही हैं। यहां आने वाले लोग तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहे हैं, जिससे बलरामपुर की सांस्कृतिक पहचान तेजी से लोगों तक पहुंच रही है। परिसर में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट युवाओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
पर्यटन के साथ रोजगार को भी मिल रहा बढ़ावा
जिले में तेजी से बढ़ रही पर्यटन गतिविधियों के बीच थारू जनजाति संग्रहालय सांस्कृतिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। इससे न केवल जिले की सांस्कृतिक पहचान मजबूत हो रही है, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी तैयार हो रहे हैं।प्रशासन आने वाले समय में पर्यटन आधारित गतिविधियों को बढ़ावा देकर युवाओं को स्थानीय स्तर पर स्वावलंबी बनाने की दिशा में कार्ययोजना तैयार कर रहा है।

