बलरामपुर। शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत और स्मार्ट बनाने के लिए सेफ सिटी योजना के तहत बड़ा कदम उठाया गया है। करीब 85 लाख 98 हजार रुपये की लागत से शहर के प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इस योजना के लागू होने से शहर में 24 घंटे निगरानी संभव होगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।नगर पालिका अध्यक्ष ने बताया कि शहर के करीब 30 महत्वपूर्ण स्थानों को चिन्हित किया गया है। इनमें वीर विनय चौराहा, अचलापुर तिराहा, काली मंदिर, पीपल चौराहा, घास मंडी, ब्लाक चौराहा, भगवतीगंज, संतोष माता मंदिर चौराहा, चौक बाजार, अंबेडकर चौराहा, तुलसीपुर रोड, बड़ा पुल, जिला अस्पताल और जिला पंचायत तिकोना जैसे प्रमुख इलाके शामिल हैं।
चोरी और अपराधों पर लगेगा अंकुश
योजना के तहत सभी कैमरों को एक केंद्रीय कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जहां से पूरे शहर की गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई संभव होगी और ट्रैफिक प्रबंधन भी बेहतर किया जा सकेगा।सीसीटीवी कैमरे लगने से चोरी, छिनैती और अन्य अपराधों पर अंकुश लगेगा। साथ ही यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित रिस्पॉन्स संभव हो सकेगा।नगरवासियों ने इस पहल को शहर की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम बताया है। प्रशासन का मानना है कि इस योजना के लागू होने से कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और बलरामपुर एक सुरक्षित शहर के रूप में विकसित होगा।

