बलरामपुर। जिले के विद्यार्थियों ने डिजिटल डिटॉक्स महोत्सव प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनाते हुए जिले का नाम रोशन किया है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय इमलिया और पूर्व माध्यमिक विद्यालय घोसियार के छात्रों का चयन प्रथम चरण में हुआ। इस प्रतियोगिता में देश के 10 राज्यों, 87 शहरों और 255 से अधिक स्कूल-कॉलेजों के 950 प्रतिभागी शामिल हुए थे।प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों की गतिविधियों का वीडियो 15 अगस्त तक ऑनलाइन अपलोड किया गया था। रविवार को दोनों विद्यालयों के छात्रों के चयन का परिणाम घोषित हुआ।
पोस्टर और लघु नाटिका में जिला चमका
पूर्व माध्यमिक विद्यालय इमलिया की प्रधानाध्यापक सीमा जायसवाल ने बताया कि उनके छात्रों ने पोस्टर प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रथम चरण में चयन प्राप्त किया। अब इन छात्रों को दूसरे चरण की प्रस्तुति के लिए छत्रपति संभाजी नगर, औरंगाबाद जाना है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल बच्चों के लिए, बल्कि पूरे विद्यालय और जिले के लिए गर्व की बात है।पूर्व माध्यमिक विद्यालय घोसियार की प्रधानाध्यापक श्रुति श्रीवास्तव ने बताया कि उनके छात्रों ने लघु नाटिका प्रतियोगिता में अपनी कला का प्रदर्शन कर सफलता हासिल की है। इनका चयन भी दूसरे चरण के लिए हुआ है। बच्चों को प्रस्तुति देने के लिए औरंगाबाद और मुंबई ले जाया जाएगा।
शैक्षिक विकास में संस्थाओं का योगदान
बीएसए शुभम शुक्ल ने बताया कि चेतना एंपावरमेंट फाउंडेशन और हेमा फाउंडेशन संस्था जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के साथ मिलकर बच्चों की प्रतिभा निखारने और शैक्षिक विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। इस उपलब्धि से जिले में शिक्षा और प्रतिभा की नई चेतना का सृजन हुआ है, और बच्चों में देश-स्तरीय मंच पर अपने हुनर दिखाने का उत्साह बढ़ा है।