बलरामपुर। हरतालिका तीज पर्व को लेकर महिलाओं में जबरदस्त उत्साह है। पति की लंबी आयु के लिए सुहागिनें 26 अगस्त को निर्जला व्रत रखेंगी। युवतियां भी मनपसंद वर के लिए व्रत रखेंगी। महिलाओं ने बाजारों में देर शाम तक खरीदारी की। जलाभिषेक को लेकर मंदिरों में विशेष प्रबंध किए गए हैं। झारखंडी मंदिर सहित प्रमुख शिवालयों में अलग-अलग लाइन लगवाकर जलाभिषेक कराया जाएगा।हरतालिका तीज पर महिलाएं अपने पति की लंबी आयु व परिवार की सुख-समृद्धि के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। पौराणिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए कजरी तीज का निर्जला व्रत रखा था। उनके कठोर तप से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने माता पार्वती को पत्नी के रूप में स्वीकार किया था। तभी से सुहागिन महिलाएं पति की लंबी उम्र के लिए यह व्रत रखती हैं।हरतालिका तीज की पूर्व संध्या पर बाजारों में महिलाओं की काफी भीड़ जुटी।
सौंदर्य प्रसाधन की दुकानों पर उन्होंने जमकर खरीदारी की। नगर के झारखंडी मंदिर स्थित दुकानाें पर भी महिलाओं की काफी भीड़ जुटी रही। महिलाओं ने चूड़ी व बिंदी सहित सौंदर्य प्रसाधन की अन्य वस्तुएं भी खरीदीं। वहीं, कांवड़ियों ने बोलबम लिखे टी-शर्ट आदि की खरीदारी की।कावड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘बोल बम’ के जयकारे लगा रहे हैं। यात्रा में शामिल होने वाले लोग नदियों से जल लाकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसके लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी में भी लोग जुटे हैं।कजरी तीज पर महिलाएं अपने पति की लंबी आयु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए व्रत रखती हैं। इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की विशेष पूजा की जाती है। यह त्योहार देवी पार्वती की भगवान शिव के प्रति अटूट भक्ति का प्रतीक माना जाता है।मंदिरों में जुटने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है। एएसपी ने बताया कि शिव मंदिरों पर पर्याप्त मात्रा में सुरक्षा बल की तैनाती की गई है। मंदिरों में भी पुलिस बल तैनात किए गए हैं। मंदिरों में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी की जाएगी।