अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान “अयोध्या कैलेंडर” का अनावरण किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त अयोध्या राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे तथा अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपायुक्त अनुराज जैन भी मौजूद रहे।
कैलेंडर की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या विश्व पटल पर भारत की गौरवशाली परंपरा, सांस्कृतिक चेतना और आध्यात्मिक विरासत का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि अयोध्या न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र है, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान को भी वैश्विक मंच पर सशक्त रूप से प्रस्तुत करती है।
अयोध्या कैलेंडर में शामिल आकर्षक और भावपूर्ण छायाचित्र राजेश कुमार सिंह द्वारा लिए गए हैं। इन चित्रों में अयोध्या की दिव्यता, धार्मिक आस्था और अद्वितीय स्थापत्य सौंदर्य का सजीव चित्रण किया गया है। कैलेंडर अयोध्या की पहचान को और मजबूत करने के साथ-साथ देश-विदेश में इसकी सांस्कृतिक महत्ता को भी रेखांकित करता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कैलेंडर अयोध्या की आध्यात्मिक चेतना, पर्यटन संभावनाओं और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।



