बलरामपुर। प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल मंगलवार को जनपद दौरे पर रहीं। उन्होंने माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट में आयोजित एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में भाग लेकर बेटियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं को सामने रखा।राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सबसे पहले माँ पाटेश्वरी राज्य विश्वविद्यालय परिसर पहुंचीं। यहां उन्होंने प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन, कुलपति आवास सहित अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समय से पूरे हों और गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का मजबूत केंद्र बनाने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कुलाधिपति वाटिका में मौलिसरी का पौधरोपण किया और निर्माणाधीन सरोवर का नामकरण “कुलाधिपति सरोवर” किया।

एचपीवी टीकाकरण को लेकर दिया जागरूकता संदेश
इसके बाद राज्यपाल कलेक्ट्रेट पहुंचीं, जहां उन्होंने एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और टीकाकरण की जानकारी ली। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है और एचपीवी वायरस से बचाव के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 9 से 14 वर्ष की आयु की बच्चियों को टीके की दो डोज दिए जाने से वे लगभग 95 प्रतिशत तक सुरक्षित रह सकती हैं। राज्यपाल ने अभिभावकों से अपील की कि वे आगे आकर अपनी बच्चियों का समय पर टीकाकरण कराएं।

स्वस्थ और शिक्षित समाज से ही बनेगा विकसित भारत:राज्यपाल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब समाज का हर बच्चा स्वस्थ और शिक्षित होगा। उन्होंने कहा कि तीन वर्ष की आयु में बच्चों का आंगनबाड़ी जाना और छह वर्ष में विद्यालय में प्रवेश जरूरी है। उच्च शिक्षा में हुए सुधारों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि नई शिक्षा नीति के तहत अब विद्यार्थियों को विषय चयन में अधिक स्वतंत्रता मिली है। उन्होंने बच्चियों को आत्मनिर्भर बनने, पढ़ाई पर ध्यान देने और अपने भविष्य का लक्ष्य स्वयं तय करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करने और ट्रांसजेंडर समुदाय के साथ समान व्यवहार करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने बच्चियों को पोषण किट तथा टीबी मरीजों को पोषण पोटली का वितरण भी किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त शशि भूषण लाल सुशील, कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह, जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक विकास कुमार, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

