बलरामपुर। नौतपा की प्रचंड गर्मी ने जिले में लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लगातार बढ़ते तापमान और तेज धूप के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। दोपहर के समय शहर की सड़कें सुनसान दिखाई दे रही हैं, जबकि बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम भीड़ नजर आ रही है। गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया है।सोमवार को शहर का तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। सुबह से ही तेज धूप का असर देखने को मिला और दोपहर होते-होते गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी। जरूरी काम से घरों से निकलने वाले लोग सिर पर गमछा, टोपी और चेहरे को कपड़े से ढककर चलते दिखाई दिए। कई लोग छांव की तलाश में पेड़ों और दुकानों के सामने रुकते नजर आए।
बाजारों में पसरा सन्नाटा
नौतपा की भीषण गर्मी का असर शहर के बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। आम दिनों में भीड़भाड़ रहने वाले प्रमुख बाजारों और चौराहों पर दोपहर के समय सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार ग्राहकों का इंतजार करते दिखाई दिए। गर्मी के कारण लोग जरूरी सामान की खरीदारी सुबह और शाम के समय ही कर रहे हैं।
राहगीर गर्मी से परेशान
तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रिक्शा चालक, ई-रिक्शा संचालक और दिहाड़ी मजदूर सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आए। कई लोगों ने बताया कि दोपहर में सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है और गर्म हवा के थपेड़ों से शरीर झुलसने जैसा महसूस हो रहा है।
नगर पालिका ने किए राहत के इंतजाम
भीषण गर्मी को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौराहों पर टेंट लगवाकर पीने के पानी की व्यवस्था शुरू कराई है। खासतौर पर ग्रीन सेट चौराहे पर लगाए गए टेंट के नीचे राहगीरों को राहत मिलती दिखाई दी। यहां राहगीरों और वाहन चालकों ने रुककर पानी पिया और कुछ देर आराम किया।प्रशासन की ओर से लोगों को दोपहर में बेवजह घरों से बाहर न निकलने, अधिक से अधिक पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है, जिससे लोगों को अभी और सतर्क रहने की जरूरत होगी।

