बलरामपुर । प्रदेश में सहकारिता आंदोलन को मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शासन ने बलरामपुर डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के गठन को नोटिफिकेशन के जरिए मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही बैंक के गठन की अग्रेतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जिला सहकारी बैंक के गठन के लिए 14.90 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नए जिला सहकारी बैंक का कार्यक्षेत्र बलरामपुर और गोंडा जनपद होगा। बैंक के गठन से दोनों जिलों में सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। किसानों, सहकारी समितियों और ग्रामीण क्षेत्र के खाताधारकों को स्थानीय स्तर पर बैंकिंग, ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
3 प्रतिशत ब्याज पर KCC लोन की सुविधा
सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सहकारिता क्षेत्र लगातार मजबूत और विस्तारित हो रहा है। सरकार का उद्देश्य सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाकर किसानों और आम नागरिकों को उनकी जरूरत के अनुसार वित्तीय सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि बलरामपुर और गोंडा के किसानों को सहकारी समितियों के माध्यम से 3 प्रतिशत ब्याज दर पर किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ ही डोर-स्टेप बैंकिंग और डिजिटल बैंकिंग जैसी आधुनिक सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
गांवों तक पहुंचेगी बैंकिंग सेवा
नए बैंक के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ने की उम्मीद है। इससे लोगों को बैंकिंग सुविधाओं के लिए दूर के शहरों या कस्बों तक जाने की जरूरत कम होगी। किसानों को कृषि ऋण और अन्य वित्तीय सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।सरकार का मानना है कि बलरामपुर में जिला सहकारी बैंक का गठन सहकारिता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे सहकारी समितियों को बैंकिंग व्यवस्था से बेहतर तरीके से जोड़ने के साथ ही किसानों तक ऋण, बैंकिंग और डिजिटल वित्तीय सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी।

