नई दिल्ली। छठ महापर्व के अवसर पर दिल्ली सरकार ने 16 नवंबर 2026 (सोमवार) को राजधानी में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। इस दिन दिल्ली के सभी सरकारी और निजी स्कूलों सहित शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहेगी। दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय ने शुक्रवार को इस संबंध में आधिकारिक सर्कुलर जारी कर दिया है।दिवाली के बाद देशभर में चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के अनुष्ठान के साथ हो गई है। इसी बीच दिल्ली सरकार ने छठ पूजा को लेकर यह अवकाश घोषित किया है। वहीं, दिल्ली हाईकोर्ट ने भी 16 नवंबर को अवकाश रखने का निर्णय लिया है।
छठ पूजा पर हाईकोर्ट और अधीनस्थ अदालतें भी रहेंगी बंद
दिल्ली हाईकोर्ट में 16 नवंबर को नियमित न्यायालयीन कार्यवाही नहीं होगी। इस दिन निर्धारित सभी सुनवाइयां अब 17 नवंबर को होंगी। ये सुनवाइयां मंगलवार को पहले से सूचीबद्ध मामलों के साथ संचालित की जाएंगी। अवकाश के कारण कार्य दिवस की भरपाई के लिए दिल्ली हाईकोर्ट 21 नवंबर यानी नवंबर के तीसरे शनिवार को भी खुलेगा। अधीनस्थ अदालतों में भी इसी के अनुरूप व्यवस्था की गई है। अदालत ने अधिवक्ताओं और पक्षकारों से सुनवाई की नई तारीखों की जानकारी लेने की अपील की है।
दिल्ली में 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का उद्घाटन
छठ महापर्व से पहले दिल्ली सरकार ने पूर्वांचल समाज को बड़ी सौगात दी है। उत्तरी दिल्ली में मुनक नहर के दोनों किनारों पर विकसित करीब 11 किलोमीटर लंबे छठ घाट का गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उद्घाटन किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।करीब 115.29 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना से छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के लिए बेहतर एवं व्यवस्थित सुविधाएं मिलेंगी। उद्घाटन समारोह में नितिन नबीन ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, शुद्धता, अनुशासन, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि घाट के निर्माण से पूर्वांचल समाज के लोग सम्मान और सुविधाओं के साथ छठ पूजा कर सकेंगे।

