लखनऊ। यूपी में SIR को लेकर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने वाले बयान पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को पहले से कैसे पता चल गया कि एक करोड़ 27 लाख वोट कट गए हैं।शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा, “मैं इसलिए ऐसे बोल रहा हूं कि उनको कैसे जानकारी हो गई कि एक करोड़ 27 लाख वोट कट गए।” उन्होंने भैंस चराने का जिक्र करते हुए भी मुख्यमंत्री पर कटाक्ष किया।अखिलेश ने कहा कि अगर वास्तव में इतने मतदाताओं के नाम कटे हैं तो भाजपा इसी वजह से बैठक कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता सूची से हटाए गए नामों को लेकर अपनी रणनीति बना रही है। सपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत दूसरे राज्यों से लोगों को लाकर मतदाता बनवाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, इस आरोप के समर्थन में उन्होंने कोई साक्ष्य नहीं दिया।
चंद्रशेखर-ओवैसी के मोर्चे का किया स्वागत
अखिलेश यादव ने चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी के ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज की आवाज उठाने वाले हर दल का समाजवादी पार्टी सहयोग करेगी। उनके मुताबिक, नए मोर्चों से लोकतंत्र मजबूत होता है, लेकिन उनकी मंशा समाज की भलाई की होनी चाहिए।अखिलेश ने दावा किया कि नए राजनीतिक विकल्प से भाजपा को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन के साथ राजनीतिक परिवर्तन भी जरूरी है और पीडीए समाज के हितों की आवाज उठाने वाले दलों के साथ सपा खड़ी रहेगी।
