अयोध्या। सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर तपस्वी छावनी के महंत जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक राजनीतिक दल या विचारधारा के नहीं, बल्कि सभी के हैं। अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने आने से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा और उनके समर्थक भी राम मंदिर में दर्शन के लिए आगे आएंगे।परमहंस आचार्य ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते कारसेवकों पर हुई गोलीबारी की घटना के कारण सपा से जुड़े कई लोग राम मंदिर से दूरी बनाए हुए थे। अब अखिलेश यादव के रामलला के दर्शन करने आने से उन लोगों की सोच में बदलाव आ सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे करीब एक करोड़ हिंदुओं की घर वापसी का रास्ता भी प्रशस्त हो सकता है।
राजनीति में मतभेद हों, मनभेद नहीं
महंत ने कहा कि भगवान श्रीराम की शरण में आने वाले किसी भी व्यक्ति का विरोध नहीं होना चाहिए। अखिलेश यादव के इस कदम का स्वागत किया जाना चाहिए। राजनीति में विचारों और दलों को लेकर मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए।उन्होंने कहा कि रामराज्य की स्थापना तभी संभव है, जब समाज के सभी लोग भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं। श्रीराम सबके आराध्य हैं और उनके आदर्श किसी एक वर्ग या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं हैं।
