सद्भावना आवाज़
अयोध्या।
सीएम योगी मोदी सरकार के कार्यकाल के 9 साल पूरे होने पर अयोध्या पहुंचे हैं। गुरुवार को भरतकुंड पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “राम मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है। PM नरेंद्र मोदी जनवरी में राम मंदिर का उद्घाटन करेंगे। ये दिन उत्सव की तरह मनाया जाएगा। 21 लाख दीप जलाए जाएंगे। अयोध्या का वैभव दुनिया देखेगी।”
CM योगी ने कहा, “पहले गुप्तार घाट और सूरज कुंड जर्जर था। कल मैंने दौरा किया। हमने यहां निर्माण कराए हैं। 3 महीने से गुप्तार घाट कितने लोग गए हैं? 6 साल पहले वो वीरान पड़ा हुआ था। अब जाकर देखिए, कितना बढ़िया बन चुका है। ये नई अयोध्या है। हम अयोध्या को दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाएंगे।”
‘अयोध्या को देखकर त्रेतायुग की याद आएगी’
सीएम ने कहा, “एक बार फिर त्रेता युग की तरफ हम चल पड़े हैं। अयोध्या को देखकर त्रेतायुग की याद आएगी। अगले वर्ष हमारे श्रीराम आने वाले हैं। अपने घर-महल में विराजमान होने वाले हैं। इसकी तैयारी दीपोत्सव के साथ प्रारंभ होनी चाहिए। जैसे वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।”
उन्होंने कहा, “एयरपोर्ट पर एक साथ कई विमान उतर सकेंगे। यहां इंटरनेशनल फ्लाइट लैंड करेंगी। किसी बड़े उद्देश्य के लिए शुरुआत में कुछ कठिनाई तो झेलनी पड़ती है। अगले चार-छह महीने में अयोध्या की सड़कें दिल्ली की राजपथ सी लगेंगी। यहां मुख्य रेलवे स्टेशन का विकास हो रहा है। सूर्यकुंड व भरतकुंड में भी रेलवे विकास के कार्य शुरू हो रहे हैं। 21 जून को योग महोत्सव का कार्यक्रम होगा। हमें इनसे जुड़ना चाहिए।”
‘जिसने अयोध्या में जन्म नहीं लिया, वो पछता रहा होगा’
योगी ने कहा, “अयोध्या में लोग देश दुनिया से आएंगे। जिसने अयोध्या में जन्म नहीं लिया, वो पछता रहा होगा। राम अब अपने घर में आने वाले हैं। अपने मंदिर में आने वाले हैं। उसकी तैयारी उत्सव के रूप में होनी चाहिए। हमारी सरकार ने जो कहा, वो करके दिखाया। अब अयोध्या के साथ कोई अन्याय नहीं कर सकता है।”
उन्होंने कहा,”राम के बिना हमारा जीवन अधूरा माना जाता है। जिस रूप में प्रभु राम को पूजा है, भक्ति की है, वह साकार रूप में हम सबके सामने रामलला के रूप में मंदिर निर्माण के साथ विराजमान होकर दर्शन देंगे।”
‘अयोध्या को अभी और प्रोजेक्ट देंगे’
उन्होंने कहा, “अयोध्या में 32 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अभी और प्रोजेक्ट हम देने जा रहे हैं। अयोध्या के विकास में फंड की कमी नहीं आएगी।”
