बलरामपुर। जिला मेमोरियल अस्पताल में कथित चिकित्सकीय लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। यहां 13 माह की एक मासूम बच्ची की मौत के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है और अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के मुताबिक हर्रैया गुगौली कला निवासी संतोष शुक्ला अपनी 13 माह की बेटी प्रियांशी को 1 अप्रैल को बुखार की शिकायत के चलते जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अस्पताल में बच्ची को भर्ती तो कर लिया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि भर्ती के बाद उसके इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई।
हालत बिगड़ने पर भी नहीं मिला समय पर इलाज
परिजनों के अनुसार, 2 अप्रैल को पूरे दिन कोई डॉक्टर बच्ची को देखने तक नहीं आया। इस दौरान बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती रही। कई बार अस्पताल स्टाफ से शिकायत करने के बावजूद उन्हें आश्वासन देकर टाल दिया गया और स्थिति को सामान्य बताया जाता रहा।परिजनों का कहना है कि तीसरे दिन सुबह जब डॉक्टर 21 नंबर कमरे में पहुंचे, तब तक बच्ची की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। आनन-फानन में इलाज और ऑक्सीजन देने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और मासूम ने दम तोड़ दिया।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद परिजनों में गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए स्वास्थ्य विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं, इस पूरे मामले पर अस्पताल के CMS शारदा रंजन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका पक्ष नहीं मिल सका।यह घटना एक बार फिर जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

