सद्भावना आवाज़
बहराइच
बहराइच में मिशन रोज़गार के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ चयन सेवा आयोग द्वारा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट सभागार एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी ने जिलाधिकारी मोनिका रानी के साथ जनपद के लिए नियुक्त 29 एएनएम को नियुक्ति पत्र का वितरण किया।एमएलसी डॉ. त्रिपाठी ने नवनियुक्त एएनएम को बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग में सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। डॉ. त्रिपाठी ने कहा कि अभिनव प्रयोगों के माध्यम से जनपद के विकास को नई दिशा प्रदान करने के लिए प्रयत्नशील जिलाधिकारी के नेतृत्व में आप लोग कठिन परिश्रम, लगन, मेहनत, समर्पण एवं सेवाभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए लोगों को विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर पुण्य के भागीदार भी बनें।
डीएम मोनिका रानी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए इससे अच्छी मिसाल क्या हो सकती है कि महिला डीएम व एमएलसी के हाथों 29 महिला एएनएम को नियुक्त पत्र प्राप्त हो रहे हैं। डीएम ने एएनएम से आहवान किया कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के साथ उन्हें स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रदान करें।
डीएम ने कहा कि सकारात्मक सोच व ऊर्जा के साथ अपने दायित्वों का निर्वाह कर ज़रूरतमन्द लोगों को योजनाओं व कार्यक्रमों का लाभ दिलाएं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके सिंह, डीसीपीएम मोहम्मद राशिद, डीएचईआईओ बृजेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

