बलरामपुर। जनपद के रक्तदान एवं समाजसेवा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। आगरा में संकल्प मानव सेवा संस्था (रजि.) के 7वें स्थापना दिवस पर आयोजित भव्य समारोह में ब्लडमैन के नाम से प्रसिद्ध आलोक अग्रवाल और निफा के जिला अध्यक्ष वैभव त्रिपाठी को “प्रदेश सेवा रत्न सम्मान 2026” से नवाजा गया। यह कार्यक्रम मां वैजयंती देवी रिसॉर्ट में आयोजित हुआ, जिसमें विशाल रक्तदान शिविर भी लगाया गया।समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री एवं उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने दोनों को सम्मानित किया। आयोजन समिति में भी आलोक अग्रवाल को संस्था के फाउंडर उमेंद्र राजपूत द्वारा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी।दोनों रक्तवीर लंबे समय से जिले में रक्तदान और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। आलोक अग्रवाल अब तक 38 बार और वैभव त्रिपाठी 44 बार रक्तदान कर चुके हैं। आलोक अग्रवाल को पिछले वर्ष जिले में सर्वाधिक रक्त संग्रह के लिए ब्लड बैंक द्वारा भी सम्मानित किया गया था।
हजारों युवाओं के लिए बने प्रेरणा स्रोत
वे स्वयं रक्तदान करने के साथ युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित कर रहे हैं और जिले में “रक्त क्रांति” लाने का संकल्प ले चुके हैं।लगातार सामाजिक कार्यों के चलते दोनों को विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर कई बार सम्मानित किया जा चुका है और आज ये हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। वहीं, 23 मार्च 2025 को निफा द्वारा आयोजित राष्ट्रीय रक्तदान शिविर के लिए दोनों को इंग्लैंड की संस्था “वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस” द्वारा भी जल्द सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा आलोक अग्रवाल को वर्ष 2022 में “वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन” और “वर्ल्ड लाइफ सेवर अवॉर्ड” से भी सम्मानित किया जा चुका है।

