बलरामपुर। जिला कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर अधिवक्ताओं के बीच हलचल तेज हो गई है। नामांकन प्रक्रिया शुरू होते ही विभिन्न पदों के दावेदारों ने अपनी-अपनी दावेदारी पेश कर दी है। बार परिसर में दिनभर चुनावी चर्चाएं और रणनीतियों का दौर जारी है, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया है।अध्यक्ष पद के लिए इस बार सीधा और कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इस पद पर कमलेश्वर सिंह और मयंक श्रीवास्तव ने नामांकन दाखिल किया है। दोनों ही प्रत्याशी बार में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं और अधिवक्ताओं के बीच अच्छी पकड़ रखते हैं। ऐसे में मुकाबला बेहद रोचक माना जा रहा है।महामंत्री पद के लिए भी स्थिति कम दिलचस्प नहीं है। राजेश मिश्रा और अशोक मिश्रा आमने-सामने हैं। दोनों प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ लगातार संपर्क साध रहे हैं और चुनावी रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।
मुकाबला होगा बहुकोणीय
कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए अखिलेश यादव ने नामांकन किया है, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए चार पर्चे बिके हैं। इनमें आशीष सिंह उर्फ शेरा, इंद्रजीत तिवारी उर्फ लड्डू और अनुराग आचार्य जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। इस पद पर बहुकोणीय मुकाबले के आसार हैं, जिससे चुनाव और दिलचस्प हो गया है।
प्रत्याशी जुटे समर्थन में
नामांकन के साथ ही प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं के बीच जनसंपर्क तेज कर दिया है। बार परिसर में छोटे-छोटे समूहों में बैठकों का दौर चल रहा है। प्रत्याशी अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं।जिला बार संघ के अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया जारी है और इसके साथ ही चुनावी गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। आने वाले दिनों में प्रचार और अधिक तेज होने की संभावना है।

