लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक सक्रियता बढ़ा दी है। मतदाता सूची से नाम छूटने के मुद्दे पर शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा की बड़ी बैठक आयोजित की गई। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की ओर से बुलाई गई इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए।बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर सहित प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इसमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला एवं विधानसभा मतदाता प्रमुख और आईटी संयोजकों समेत 700 से अधिक पदाधिकारियों को बुलाया गया है।
हर बूथ पर 100 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य
बैठक का मुख्य एजेंडा SIR के दौरान मतदाता सूची से छूटे लोगों तक पहुंचना और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल कराने की रणनीति तैयार करना है। पार्टी ने प्रत्येक बूथ पर 100 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहयोग करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
बूथ स्तर तक अभियान की तैयारी
दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से SIR के दौरान मतदाता सूची से करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद यह मुद्दा राजनीतिक चर्चा में है। भाजपा संगठन अब बूथ स्तर पर अभियान चलाकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी कर रहा है।

