सद्भावना आवाज़
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान 2024 के तहत आयोजित सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सबसे अधिक साधारण और सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा करने की अपील की।सीएम योगी ने कहा, “भारत की माटी से प्यार करने वाला हर व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ना चाहता है। जब हम उन तक नहीं पहुंचते हैं तो उन्हें पीड़ा होती है, जिससे वे जाति, भाषा और क्षेत्रीय संकीर्णताओं के दायरे में आ जाते हैं। हमें हर उस व्यक्ति तक पहुंचना है जो हमारी प्रतीक्षा कर रहा है।मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी को देश की एकमात्र कैडर आधारित पार्टी बताते हुए कहा कि यह पार्टी भारत की माटी और महापुरुषों के साथ जुड़ी है और राष्ट्र सर्वोपरि के भाव के साथ कार्य करती है। उन्होंने कहा, “भारतीय जनता पार्टी न केवल सर्वव्यापी है, बल्कि समाज के हर वर्ग को जोड़ने में भी सफल रही है।
140 करोड़ भारतीयों की रक्षा
सीएम योगी ने भाजपा कार्यकर्ताओं को देश सर्वोपरि का मंत्र देते हुए कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता देश के लिए समर्पित है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि पार्टी ने कोरोना महामारी के दौरान ‘सेवा ही संगठन है’ अभियान के माध्यम से 140 करोड़ भारतीयों की रक्षा की।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उन लोगों तक पहुंचने की आवश्यकता पर जोर दिया जिन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिला है, जैसे प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्जवला योजना आदि। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इन लाभार्थियों को भाजपा का सदस्य बनाने के लिए प्रयासरत रहें।
रोजगार और स्टार्टअप्स को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि उत्तर प्रदेश इस सदस्यता अभियान में अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा रोजगार और स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे लाखों नौजवानों को फायदा होगा। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश संगठन के महामंत्री धर्मपाल, पूर्व डिप्टी सीएम एवं राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा समेत कई भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे।