भाजपा के वरिष्ठ नेता और कैसरगंज विधानसभा से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि केजरीवाल दिल्ली की जनता को गुमराह कर रहे हैं और खुद पर हमले का ड्रामा रच रहे हैं बृजभूषण शरण सिंह ने केजरीवाल पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली की असलियत को देखे बिना लोगों को लुभावने दृश्य दिखाए जाते हैं। उन्होंने कहा, “दिल्ली के झुग्गी-झोपड़ी और नालों के बीच की हालत बेहद खराब है। जो लोग कनॉट प्लेस और प्रमुख सड़कों को देखकर दिल्ली की चमक-दमक से प्रभावित होते हैं, उन्हें ये समझना चाहिए कि असल दिल्ली वहां से बहुत अलग है।
अरविंद केजरीवाल ने यमुना को बर्बाद कर दिया, ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई और दिल्ली गंदगी में तब्दील हो गई है। पूर्व सांसद ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ता भाजपा पर जो आरोप लगाते हैं, वे केवल नाटक हैं। बृजभूषण ने दावा किया, “केजरीवाल खुद इस ड्रामे के मास्टरमाइंड हैं। चप्पल-जूता फेंकवाने से लेकर भाजपा पर आरोप लगाने तक, ये सब उनकी साजिश है। अब दिल्ली की जनता सब समझ चुकी है।”
जनता की समस्याओं से नहीं है कुछ लेना-देना
बृजभूषण शरण सिंह ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार आम जनता की समस्याओं से जरा भी वास्ता नहीं रखती। उन्होंने कहा, “केजरीवाल सरकार सिर्फ आरोप लगाने और साजिशें रचने में व्यस्त है। वे भगवान नहीं हैं कि उनके कहने से सबकुछ सही हो जाए। अब दिल्ली की जनता को असली सच्चाई का पता चल चुका है। इस दौरान बृजभूषण ने यह भी कहा कि दिल्ली में हालात सुधरने की कोई उम्मीद नहीं है, जब तक अरविंद केजरीवाल की सरकार जारी रहेगी।