बलरामपुर। चालकों व परिचालकों की कमी से बलरामपुर डिपो जूझ रहा है। इससे रोडवेज बसों के संचालन में परेशानी हो रही है। साक्षात्कार के माध्यम से संविदा पर भर्ती के लिए युवक-युवतियों की तलाश की जा रही है। जिला बहराइच के नानपारा में 30 मार्च को युवाओं की भर्ती के लिए एक दिवसीय रोजगार मेला लगेगा। चैत्र नवरात्र में महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के लिए संविदा पर युवतियों की परिचालकों पर भर्ती की जा रही है। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक 18 से 40 वर्ष तक की युवतियां साक्षात्कार देकर बलरामपुर डिपो में परिचालक का जिम्मा संभाल सकती हैं।तेनाती बलरामपुर डिपो में 87 रोडवेज बसों का बेड़ा है। डिपो में 25 स्थायी व 130 संविदा चालकों की ाती है। डिपो में 40 चालकों के पद रिक्त हैं। वहीं डिपो में परिचालकों की भी कमी है। ऐसे में निगम को रोडवेज बसों के बेहतर संचालन में परेशानी आ रही है। प्रतिदिन 10 से 12 रोडवेज की बसें डिपो परिसर में चालकों व परिचालकों की कमी से खड़ी रहती हैं। दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, सिद्धार्थनगर, बहराइच व अयोध्या के साथ ही प्रतिदिन तुलसीपुर व उतरौला जैसे लोकल रूटों पर रोडवेज बसों का आवागमन होता है। बलरामपुर डिपो में चालकों व परिचालकों की कमी से रोडवेज बसों को सभी रूटों पर भेजने में परेशानी हो रही है। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम ने बताया कि जनपद बहराइच के नानपारा में 30 मार्च को कक्षा आठ उत्तीर्ण 18 से 40 वर्ष के युवतियों को रोजगार के अवसर मुहैया कराने के लिए रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जनपद बलरामपुर की युवतियां ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन के माध्यम से शामिल होकर साक्षात्कार दें और रोजगार पाएं।
