सद्भावना आवाज़।
बलरामपुर।
नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन का आज अंतिम दिन था। अंतिम दिन सोमवार को भाजपा, सपा,बसपा ,और कांग्रेस के साथ अन्य दलों के प्रत्याशियों ने अपना पर्चा दाखिल किया।वैसे तो सभी पार्टियों से बहुत से उम्मीदवारों ने बलरामपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए टिकट पाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा दिया ,परंतु अंत में भाजपा से धीरेंद्र प्रताप सिंह”धीरू” सपा से इशरत जमाल बसपा से निवर्तमान चेयरमैन प्रतिनिधि शाबान अली,तथा कांग्रेस से राशिद अजीज रानू को इनकी पार्टियों ने उम्मीदवार बनाया।
भाजपा के प्रत्याशी बने धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू
दिनांक 17 अप्रैल 2023 को नामांकन के अंतिम दिन बलरामपुर से भाजपा के प्रत्याशी धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने दो सेटों में अपना नामांकन दाखिल किया, उनके नामांकन में देवी पाटन मंदिर के महंत मिथलेश नाथ योगी, पूर्व सांसद दद्दन मिश्र, विधायक पलटूराम, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह समेत बलरामपुर भाजपा के तमाम दिग्गज नेता मौजूद रहे।
समाजवादी पार्टी के समर्थित प्रत्याशी इशरत जमाल

समाजवादी पार्टी की समर्थित प्रत्याशी इशरत जमाल ने भी दो सेटों में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सपा प्रत्याशी के साथ पूर्व मंत्री एसपी यादव, पूर्व विधायक राम सागर अकेला, समाजवादी युवजन सभा के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश यादव, पूर्व जिला महा सचिव इकबाल जावेद, सफीउल्ला खां सहित पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
बसपा प्रत्याशी शाबान अली ने किया नामांकन

बसपा प्रत्याशी शाबान अली के साथ नामांकन में सांसद बहुजन समाज पार्टी बलरामपुर राम शिरोमणि वर्मा , पूर्व जिलाध्यक्ष हरी राम बौद्ध, अकरम कुरेशी , मुजीब अहमद सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी व बसपा समर्थक मौजूद रहे ।
कांग्रेस पार्टी से राशिद अजीज रानू की पत्नी ने किया नामांकन

कांग्रेस पार्टी से राशिद अजीज रानू एवं उनकी पत्नी शबाना भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और पूरे जोश के साथ दो सेटों में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

