उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को अयोध्या पहुंचे, जहां उन्होंने कई धार्मिक और विकासात्मक कार्यक्रमों में भाग लिया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर रामकथा पार्क के हेलीपैड पर दोपहर 2:15 बजे उतरा, जहां उनका स्वागत महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, विधायक सदर वेद प्रकाश गुप्ता, जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने किया। इसके बाद, मुख्यमंत्री ने हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन किया और हनुमानगढ़ी के संतों से मुलाकात की। फिर वह श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचे, जहां रामलला के दर्शन किए और मंदिर निर्माण कार्य की प्रगति को देखा।
नवनिर्मित राजगोपुरम का अनावरण
मुख्यमंत्री ने सुग्रीव किला में आयोजित राजगोपुरम के प्रतिष्ठा अनुष्ठान की पूर्णाहुति कार्यक्रम में भी भाग लिया, जहां नवनिर्मित राजगोपुरम का अनावरण किया गया। इस मौके पर उन्होंने संत सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सुग्रीव किला का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व है। उन्होंने अयोध्या के विकास को लेकर सरकार के प्रयासों की सराहना की और कहा कि अयोध्या अब सिर्फ धार्मिक केंद्र नहीं, बल्कि दुनिया की सबसे सुंदर नगरी के रूप में स्थापित हो रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सुग्रीव किला के निर्माण और वहां के विकास कार्यों के माध्यम से अयोध्या को एक नई दिशा मिल रही है।
मुख्यमंत्री ने राम कथा पार्क में नगर निगम अयोध्या द्वारा स्वच्छ भारत मिशन और स्मार्ट सिटी योजना के तहत चलाए गए सफाई अभियान का उद्घाटन किया। इस दौरान, उन्होंने कूड़ा संग्रहण और सफाई के लिए मेकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनों और एफ.एस.एस.एम. वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद, मुख्यमंत्री ने “देखो अपना देश-पीपल्स चॉइस 2024” अभियान का शुभारंभ किया। कार्यक्रम के बाद, मुख्यमंत्री राम कथा पार्क से सीधे बलरामपुर के लिए रवाना हो गए।
इसे पढें: 1.89 लाख रुपये की बकाया राशि वसूलने के लिए जारी की आरसी
इसे पढें: 1.89 लाख रुपये की बकाया राशि वसूलने के लिए जारी की आरसी