मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में प्रस्तावित कुकरैल नाइट सफारी और जू का प्रस्तुतिकरण देखा। उन्होंने निर्देश दिया कि नाइट सफारी और जू का निर्माण कार्य हर हाल में जून 2026 तक पूरा कर लिया जाए। यह परियोजना लगभग 900 एकड़ से अधिक में फैली होगी, जो देश की पहली और विश्व की पांचवीं नाइट सफारी होगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना का 72% हिस्सा ग्रीनरी में विकसित किया जाएगा और सौर ऊर्जा प्रकल्पों को भी प्राथमिकता दी जाएगी। यह परियोजना प्रकृति प्रेमियों और विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की होगी। लखनऊ में बनने वाली नाइट और डे सफारी का निर्माण चरणबद्ध तरीके से होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जानवरों को चिह्नित करने, लाने और क्वारंटीन प्रक्रिया को शीघ्र शुरू किया जाए। सफारी में इंडियन वॉकिंग ट्रेल, फुटहिल और वेटलैंड थीम जैसे क्षेत्रों को विकसित किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी नाइट सफारी
नाइट सफारी में 5.5 किमी ट्रामवे और 1.92 किमी पाथवे बनाया जाएगा, जो पर्यटकों के अवलोकन का प्रमुख माध्यम होगा। यहां कैफेटेरिया, 7 डी थिएटर, ऑडिटोरियम, पार्किंग, और एडवेंचर जोन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। एडवेंचर जोन में सुपरमैन जिपलाइन, बर्मा ब्रिज, स्काई साइकिल, और बच्चों के लिए जंगल एनिमल थीम आधारित गतिविधियां शामिल होंगी।नाइट सफारी में एशियाटिक लॉयन, बंगाल टाइगर, घड़ियाल, तेंदुआ, हाइना, उड़न गिलहरी जैसे वन्यजीव मुख्य आकर्षण होंगे। वहीं, जू में हिमालयन भालू, अफ्रीकन लॉयन, जिराफ, चिंपांजी, स्वांप डियर और सारस क्रेन जैसे जानवरों के लिए 63 इनक्लोजर बनाए जाएंगे। यह थीम आधारित क्षेत्र जैसे अफ्रीकन सवाना, इंडियन वेटलैंड, और इंजीनियर्ड वेटलैंड पर विकसित किया जाएगा।

कैफेटेरिया और पार्किंग जैसी सुविधाएं होंगी उपलब्ध
चिकित्सालय और रेस्क्यू सेंटर का निर्माण भी प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पोस्ट-ऑपरेशन और ऑपरेशन थियेटर की समुचित व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री ने परियोजना को सस्टेनेबल इकोनॉमी मॉडल पर विकसित करने के निर्देश दिए। इस परियोजना को लखनऊ के अन्य पर्यटन स्थलों से जोड़ा जाएगा, जिससे यह राज्य और देश का एक प्रमुख पर्यटन केंद्र बनेगा।
इसे पढें: 1.89 लाख रुपये की बकाया राशि वसूलने के लिए जारी की आरसी
इसे पढें: 1.89 लाख रुपये की बकाया राशि वसूलने के लिए जारी की आरसी