बलरामपुर। चैत्र नवरात्रि के आठवें दिन अष्टमी के पावन अवसर पर जिले के सभी देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचने लगे, जिससे पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय माहोल में डूबा रहा। मां के जयकारों घंटों और शंखनाद की ध्वनि से वातावरण गूंजता रहा। भक्तों ने अष्टमी तिथि पर नो देवी के रूप में कन्याओं का पूजन अर्चन कर उन्हें भोजन कराया। पूरे दिन कन्याभोज का सिलसिला देवी मंदिरों में चलता रहा। चैत्र नवरात्र के आठवें दिन विशेष रूप से देवीपाटन मंदिर में अष्टमी के दिन श्रद्धालुओं की अपार भीड़ देखने को मिली।दूर-दराज क्षेत्रों से आए भक्तों ने मां के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। कतारबद्ध होकर भक्तों ने विधिवत पूजा-अर्चना की और मां के चरणों में नारियल, चुनरी व प्रसाद अर्पित किया। अष्टमी के दिन कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखा गया। व्रतधारी महिलाओं और पुरुषों ने नौ कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनकी विधिवत पूजा की। कन्याओं के पैर धोकर उन्हें रोली, अक्षत और पुष्प अर्पित किए गए। इसके बाद उन्हें फल, हलवा-पूरी और अन्य व्यंजन खिलाकर आशीर्वाद लिया गया। कई घरों और मंदिरों में कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मंदिरों के बाहर प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी दिनभर भीड़ बनी रही।

अधिकारियों को किया सतर्क
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। दर्शन की व्यवस्था सवाह रूप से संचालित की गई।अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पाण्डेय मंदिर पहुंचे और प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग, बैरिकेडिंग व सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों और मेला कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन और सुरक्षा के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एक महिला श्रद्धालु थकी और व्याकुल नजर आईं।अपर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें धैर्य बंधाया और मिशन शक्ति टीम की मदद से उनका सुगम दर्शन सुनिश्चित कराया।अपर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर निगरानी रखने और यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।जनपद पुलिस ने चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए पर्याप्त बल तैनात किया है। निरीक्षण के समय प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर सुधीर कुमार सिंह, मेला प्रभारी और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

