लखनऊ। राजधानी के महानगर इलाके से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों की नींव को हिला कर रख दिया। यहां एक बहू ने अपने ही घर में सास की हत्या की साजिश रच डाली। आरोप है कि उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पहले सास को काबू में किया, हाथ-पैर बांधे और फिर गला दबाकर मौत के घाट उतार दिया। वजह थी—उसके अवैध संबंधों का विरोध।पुलिस जांच में सामने आया है कि यह कोई अचानक हुआ अपराध नहीं, बल्कि पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया। शनिवार दोपहर जब घर के पुरुष सदस्य बाहर थे, तब बहू रंजना वर्मा और उसका प्रेमी राजन शर्मा घर में अकेले थे।दोनों ने सबसे पहले घर के अंदर लगे CCTV कैमरों को बंद किया, ताकि वारदात का कोई सबूत न रहे। इसके बाद सास निर्मला देवी (69) को काबू में कर उनके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और गला दबाकर हत्या कर दी।हत्या के बाद दोनों आरोपी घर से बाहर निकल गए। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने कुछ दूरी पर जाकर मोबाइल फोन से CCTV कैमरों को दोबारा चालू कर दिया, जिससे ऐसा लगे कि सब सामान्य है।लेकिन यही चालाकी बाद में उनके लिए बड़ी गलती साबित हुई। कैमरों के बंद रहने का समय और बाहर लगे CCTV की फुटेज ने पूरी कहानी उजागर कर दी।शाम करीब 4 बजे जब मृतका का 18 वर्षीय पोता डिलीवरी का काम खत्म कर घर लौटा, तो उसने दादी को कमरे में बंधी हुई हालत में पड़ा देखा। उसने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।तब तक निर्मला देवी की मौत हो चुकी थी। घबराए पोते ने तुरंत अपने पिता और मां को फोन किया।

सूचना मिलने के बाद बहू रंजना अपने प्रेमी के साथ घर पहुंची और जोर-जोर से रोने लगी। उसने आसपास के लोगों और पुलिस के सामने लूटपाट के बाद हत्या की कहानी बताई, ताकि शक किसी बाहरी व्यक्ति पर जाए।हालांकि, उसके हावभाव और घटनाक्रम में कई विरोधाभास थे, जिसने पुलिस का ध्यान खींचा।मौके पर पहुंची पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जांच शुरू की। स्निफर डॉग सीधे आरोपी प्रेमी राजन शर्मा के पास जाकर रुक गया।यह देख मौके पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। पुलिस का शक गहराया और दोनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जहां उन्होंने अपराध कबूल कर लिया।जांच में सामने आया कि दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक घर के अंदर का CCTV बंद था। वहीं, बाहर लगे कैमरों में बहू अपने प्रेमी के साथ घर से निकलती हुई दिखाई दी।यही फुटेज और तकनीकी साक्ष्य इस हत्याकांड को सुलझाने में निर्णायक साबित हुए।

चार साल से चल रहा था अवैध संबंध
पूछताछ में आरोपी प्रेमी ने बताया कि उसका रंजना के साथ पिछले चार साल से संबंध था। वह उसी मकान में किराए पर रहता था, जिससे दोनों का मिलना-जुलना आसान था।परिवार को इस रिश्ते की जानकारी हो चुकी थी और सास निर्मला देवी इसका लगातार विरोध करती थीं। यही विरोध उनकी हत्या की वजह बन गया।पुलिस ने मृतका के बेटे की शिकायत पर बहू और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

