बलरामपुर। चैत्र नवरात्रि के मद्देनजर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास ने मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर तथा मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।दोनों अधिकारियों ने हरैया चौराहे से मंदिर परिसर तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय और यातायात प्रबंधन की स्थिति देखी। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश भी दिए गए।जिलाधिकारी ने कहा कि नवरात्रि में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, ऐसे में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।
पैदल भ्रमण कर देखीं व्यवस्थाएं
उन्होंने नियमित सफाई, कूड़ा उठान, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने और शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा। साथ ही भीड़ प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था और बैरिकेडिंग को दुरुस्त रखने तथा आवश्यक स्थानों पर कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने भी मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़ प्रबंधन प्रभावी ढंग से किया जाए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में कोई कमी न रहे।

